गुरुग्राम : सोहना विधानसभा क्षेत्र के गांव रिठौज की ढाणी में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता व पूर्व जिलाध्यक्ष मनीष खटाना ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी और उन्हें आश्वस्त किया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ विकास पर भी पूरा ध्यान दिया जाएगा। इस दौरान मनीष खटाना ने जहां लोगों को भाजपा सरकार की 9 साल की विफलताओं के बारे में वहीं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा की गई 6 घोषणाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान ग्रामीणों ने मनीष खटाना का फूलमालाओं के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। मनीष खटाना ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस तरह से क्षेत्र की जनता कांग्रेस का साथ देती आई है, ऐसे ही भविष्य में साथ देते रहें। प्रदेश मे चुनाव का एक साल ही बचा है। इस बार आर-पार की लड़ाई होगी। जिस तरह से उनको विधानसभा की जनता का प्यार और समर्थन मिल रहा है, उन्हें उम्मीद है कि आगे भी ऐसे ही आशीर्वाद मिलता रहे। उन्होंने लोगों से कहा कि जो भी उनकी समस्याएं हैं, कांग्रेस की सरकार आने पर उनका निदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से हर वर्ग दुखी है। बेरोजगारी भ्रष्टाचार महंगाई चरम पर है। इन मुद्दों को कांग्रेस लगातार उठाती आ रही है, लेकिन भाजपा सरकार सवालों के जबाव देने से बच रही है। प्रदेश में भाजपा-जजपा गठबंधन की सरकार है। यह गठबंधन की सरकार हर मुद्दे पर फेल है। खटाना ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने की बजाय सरकार ने छीनने का काम किया है। अन्य राज्य के लोगों को अधिकांश नौकरियों पर रखा जा रहा है और प्रदेश का युवा बेरोजगार घूम रहा है। लोगों ने इनके खिलाफ मन बना लिया है और 2024 में कांग्रेस की सरकार बनेगी। इस मौके पर  बुद्धराम खटाना चेयरमैन, प्रवेश खटाना, सुनील भड़ाना, मोनू खटाना, रमेश राय, सुनील कुमार, युवा कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष अरुण बैसोया, बादशाहपुर अध्यक्ष योगेश यादव, जिला प्रवक्ता राहुल यादव, सतीश चंद्र प्रजापति, विनोद कुमार पटेल, केशव, मुकेश, मनोज पाण्डे, पंकज सिंह, वरुण दुबे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published.

You may also like