पुन्हाना: सफाई कर्मियों की हड़ताल तीसरे दिन सोमवार को भी लगातार जारी रही। सफाई कर्मियों ने पूरे शहर में जुलूस प्रदर्शन निकालते हुए जमकर सरकार व नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।  शहर के मुख्य बाजार सहित सब्जी मंडी आदि स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हुए है। हड़ताली सफाई कर्मचारियों ने सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा  के बैनर तले शहर के मुख्य मार्गों से जलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। नगरपालिका के सफाई कर्मचारी धर्मवीर सिंह, राकेश, राजेश, अनिल, विजय, गीता, मीरा, मनोज, महावीर, राजकुमार, सुरेश, शांति, दीपक आदि लोगों का कहना है कि समान काम समान वेतन सहित अपनी अन्य मांगों को लेकर वो दो दिन की भूख हड़ताल कर चुके है, लेकिन सरकार ने कर्मचारियों की मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया। उक्त सफाई कर्मचारियों का कहना है कि अपनी मांगों को लेकर वो पहले भी कई बार हड़ताल कर चुके है लेकिन सरकार की ओर से उन्हें केवल आश्वासन ही मिला। सफाई कर्मचारियों ने बताया कि एरियर ना मिलने के कारण वो आर्थिक तंगी झेल रहे है। नगरपालिका की ओर से मिलने वाला तेल व साबुन भी उन्हें नहीं मिल पा रहा।  उक्त कर्मचारियों का साफ कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होगी तक वो हड़ताल पर रहेगें। इधर सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर में जगह जगह कूड़े के ढेर लगे हुए है। कूड़ा उठान न होने के कारण दो दिन से शहरवासी भी पूरी तरह परेशान है। लोग स्वयं कूड़ो को खुद दूर स्थानों  पर फेंक रहे है या निजी घरों या दुकानो पर काम करने वाले कर्मियों से साफ करा रहे है। सफाईकर्मियों की हड़ताल के सामने नगरपालिका प्रशासन पूरी तरह बेबस नजर आ रहा है। जिसके चलते सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, अब देखना ये है कि कब तक सफाई कर्मियों की मांग पूरी होगी और सफाई व्यवस्था फिर से कब पटरी पर लौटेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published.

You may also like