गुरुग्राम ताऊ के नाम से प्रसिद्ध महान राजनीतिज्ञ स्वतंत्रता सेनानी व देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री ताऊ देवीलाल की पुण्यतिथि पर साईबर सिटी में भी कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जजपा के वरिष्ठ नेता सूबे सिंह बोहरा ने कहा कि चौधरी देवीलाल का जन्म 25 सितम्बर 1914 को हिसार जिले के तेजाखेड़ा गांव में चौधरी लेखराम के परिवार में हुआ था। वह जमीन से जुड़े नेता थे। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में भी बढ़-चढकर भाग लिया था। वह जहां हरियाणा प्रदेश के 2 बार मुख्यमंत्री रहे, वहीं देश के उप प्रधानमंत्री भी रहे थे। चौधरी देवीलाल उन कुछ चुनिंदा राजनीतिज्ञों में से हैं जो आजादी के बाद तथा आजादी के पहले दोनों ही समय में भारतीय राजनीति में सक्रिय रहे। उनका विवाह सन 1926 में हरखी देवी साथ हुआ था। उनकी कुल 5 संताने हुई जिनमें 4 पुत्र तथा एक पुत्री भी हैं। पुत्रों में ओमप्रकाश चौटाला, प्रताप चौटाला और रणजीत सिंह तथा जगदीश चौटाला हैं। वर्तमान समय में उनके कई नाती तथा पोते हरियाणा की राजनीति में सक्रिय हैं। जननायक जनता पार्टी के संयोजक दुष्यंत चौटाला वर्तमान समय में हरियाणा के उप मुख्यमंत्री हैं। वह राज्यसभा के सांसद भी रहे थे। वर्ष 2001 में उनका निधन हो गया था। हरियाणा में वृद्धजनों को पैंशन देने का कार्य चौधरी देवीलाल ने ही देश में पहली बार शुरु किया था। उसके बाद ही देश के अन्य प्रदेशों में भी इस योजना को लागू किया गया। प्रदेशवासी ही नहीं, अपितु देशवासी भी उन्हें ताऊ देवीलाल के नाम से जानते हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published.

You may also like