ताज़ा पॉलिटिक्स

धक्के मारकर निकाले गए भाजपा विधायक के बदले सुर:बोले, मंत्री उनियाल पिता तुल्य

उत्तराखंड के पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल के एक ही दिन में सुर अचानक बदल गए हैं। अपनी ही पार्टी के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के खिलाफ मोर्चा खोलने के बाद अब उन्होंने उस घटनाक्रम के लिए गहरा खेद जताया है। उन्होंने कहा कि मंत्री सुबोध उनियाल उनके पिता तुल्य हैं।

अलग-अलग वन प्रभागाें में तैनात डीएफओ दंपती को हटवाने की मांग को लेकर मंगलवार को पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल वन मंत्री सुबोध उनियाल के आवास पर पहुंचे हुए थे। इसी दौरान विधायक ने मंत्री के आदेश की कॉपी उन्हीं के सामने फाड़कर हवा में उछाल दी थी। विधायक दुर्गेश्वर ने कल आरोप लगाया था कि मंत्री सुबोध उनियाल ने उनके साथ गाली गलौज की और उन्हें धक्के मारकर आवास से बाहर कर दिया था। उसके बाद विधायक मंत्री के आवास के सामने ही समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए थे। ये मामला काफी चर्चाओं में है।

प्रदेश अध्यक्ष ने किया विधायक को तलब
अपनी ही पार्टी के मंत्री के आवास के बाहर भाजपा विधायक दुर्गेश्वर लाल का धरना पार्टी को नागवार गुजरा है। बताया जा रहा है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने विधायक दुर्गेश्वर लाल को तलब कर लिया था। इधर, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के मुताबिक मामले का समाधान किया जाएगा।

विधायक ने जताया खेद
भाजपा विधायक और मंत्री के बीच हुई तकरार का ये मामला काफी सुर्खियों में आ गया है। प्रदेश अध्यक्ष ने विधायक को तलब कर लिया था। उसके बाद विधायक के सुर बदल गए हैं। विधायक ने मंत्री सुबोध उनियाल को पिता तुल्य बताते हुए कहा कि ये परिवार का मामला है। उन्होंने बुधवार को अपने व्यवहार पर खेद भी जताया है।

You may also like