ताज़ा राष्ट्रीय स्पेशल

Weather Update : हरियाणा-पंजाब में कहर बरपा रही ठंड, इतने डिग्री तक पहुंचा तापमान

हरियाणा पंजाब में ठंड का कहर जारी है। शीतलहर और कोहरे से मुसाफिरों को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। बता दें कि सोमवार को हरियाणा पंजाब में मौसम का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मौसम विभाग ने सुबह नोकास्ट में हरियाणा के 14 शहरों में ठंड-कोहरे का अलर्ट जारी किया है। महेंद्रगढ़ जिले का न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यहां की रातें सबसे ठंडी रहीं। इसके अलावा अन्य जैसे हिसार, पंचकूला-रेवाड़ी में तापमान 2 डिग्री तक पहुंच गया है।

इन शहरों में कोहरे का कहर

मौसम विज्ञान विभाग की ओर से संभावना जताई गई है कि हरियाणा के इन शहरों में कोहरा और ठंड बढ़ने के आसार हैं। इनमें अंबाला, पंचकूला, करनाल, शाहाबाद, पेहोवा, बराडा, कालका, नारायणगढ़, जगाधरी, निलोखेरी, इंद्री, राडौर, छछरौली और थानेसर शामिल किए गए हैं। वहीं कई जिलों में तो कोहरे के कारण 10 मीटर तक दिखाई देना भी मुश्किल हो गया है।

चंडीगढ़ में ठंड से नहीं मिलेगी राहत

चंडीगढ़ में 4 दिन तक लोगों को ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं। मौसम विभाग के अनुसार 17 जनवरी को 4 डिग्री व 18 व19 जनवरी को 5 और 20 जनवरी को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री रहने की संभावना है। ऐसे में अभी ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है। हालांकि अब हर रोज दिन में धूप निकलेगी, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हो पाएगी।

पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से पड़ा असर

पहाड़ों में हुई बर्फबारी से पूरा उत्तर भारत हवा की ठंडी लहरों की चपेट में है। पंजाब के 16 जिलों में कोहरे के कारण अगले 2 दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पंजाब के लुधियाना में न्यूनतम तापमान 1 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पंजाब के 16 जिले जालंधर, कपूरथला, नवांशहर, फतेहगढ़, पटियाला, मुक्तसर, अमृतसर, मोगा, बरनाला, फाजिल्का, बठिंडा, होशियारपुर, लुधियाना, मनसा, संगरूर और तरनतारन में घने कोहरे की आशंका जाहिर की है। वहीं घनी धुंध का असर उड़ानों पर भी देखने को मिल रहा है जिस कारण से फ्लाइट में देरी होना या फिर रद्द होना निरंतर संज्ञान में आ रहा है। फ्लाइट में देरी से मुसाफिर काफी परेशान है।

हिमाचल में बर्फबारी से बदल सकता है मौसम

बात अगर हिमाचल प्रदेश कि की जाए तो आज या कल में हल्की बर्फबारी के आसार हैं। किन्नौर, लाहौल स्पीति, शिमला, चंबा के कई भागों में बर्फबारी और बारिश होने की आशंका है। जिससे मौसम में गिरावट दर्ज की जा सकती है। अगर बर्फबारी होती है तो इसका असर सीधे तौर पर हिमाचल के साथ लगते हरियाणा पंजाब में देखने को मिलेगा।

You may also like