पॉलिटिक्स राष्ट्रीय स्पेशल

Assam : Bharat Jodo Nyay Yatra के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान असम के गुवाहाटी में पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। यात्रा को रोकने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस मौजूद थी। पुलिस ने इलाके और रास्ते पर बैरिकेडिंग कर दी है। गुवाहाटी शहर में सिटी के भीतर से यात्रा की अनुमति नहीं थी, इसलिए वहां भारी पुलिस को तैनात किया गया था। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज असम के गुवाहाटी पहुंच गई। कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस बैरिकेडिंग को तोड़कर गुवाहाटी शहर में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। राहुल गांधी को बस की छत पर खड़े होकर अपने कैडर से बात करने की कोशिश करते देखा गया।

बीजेपी-कांग्रेस के बीच जुबानी जंग जारी

पुलिस ने गुवाहाटी सिटी जाने वाली सड़क पर बैरिकेडिंग कर दी। इसके बाद कांग्रेस समर्थक पुलिस से भिड़ गए। उन्होंने बैरिकेडिंग तोड़ दी। असम पुलिस का कहना है आज वर्किंग डे है। आज अगर न्याय यात्रा शहर में गई तो ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ जाएगी। प्रशासन ने रैली को नेशनल हाईवे पर जाने का निर्देश दिया है। यह शहर के चारों ओर रिंग रोड की तरह काम करता है। असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा और कांग्रेस के बीच कई दिनों से जुबानी जंग जारी है। कांग्रेस सरमा पर यात्रा को प्रभावित करने का आरोप लगाती आ रही है। सरमा भी कांग्रेस को कई जिलों में नहीं जाने के सुझाव दे चुके हैं।

राहुल गांधी का स्टूडेंट्स के साथ संवाद

गुवाहाटी में राहुल गांधी का स्टूडेंट्स के साथ बातचीत होनी है। कांग्रेस नेता गांधी ने कहा है कि उन्हें छात्रों से बात करने से रोका जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि राहुल गांधी की यात्रा को गुवाहाटी शहर के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं है। उन्हें शहर के बाहरी इलाके से गुजरने को कहा गया है। झड़प के बाद अतिरिक्त संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती बढ़ाई गई है। हंगामे के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा सुबह करीब 10 बजे क्वींस होटल से शुरू होकर आगे बढ़ी है। राहुल गांधी का गुवहाटी में एक सार्वजनिक संबोधन भी होना है। मंगलवार को यात्रा का दसवां दिन है जो असम के बिष्णुपुर में पूरा होगा।

राहुल गांधी संवाददाता सम्मेलन को करेंगे संबोधित

राहुल गांधी मेघालय के री भोई जिले के जोराबाट में एक होटल में उत्तर पूर्व कांग्रेस कमेटी के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद गुवाहाटी में स्टूडेंट्स और सिविल सोसायटी के सदस्यों के साथ भी राहुल गांधी की वार्ता होनी है। पार्टी ने दावा किया कि पुलिस ने उन्हें मुख्य शहर में रोड शो या पदयात्रा करने की परमिशन नहीं दी है। राहुल गांधी गुवाहाटी से लगभग 75 किलोमीटर दूर कामरूप जिले के दमदमा में एक संवाददाता सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। बता दें कि 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई यात्रा 20 या 21 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी।

You may also like