पॉलिटिक्स राष्ट्रीय स्पेशल

बुलडोजर एक्शन, देवभूमि हल्द्वानी में अवैध मदरसा ढहाए जाने पर हिंसा, 4 की मौत

Uttarakhand illegal Mosque Demolished : उत्तराखंड के हल्द्वानी में बृहस्पतिवार को उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को इलाके में कर्फ्यू लगाना पड़ा और दंगाइयों को देखते ही गोली मारने के आदेश जारी कर दिए गए। दरअसल नगर निगम ने बनभूलपुरा क्षेत्र में जेसीबी मशीन लगाकर अवैध रूप से निर्मित मदरसा एवं नमाज स्थल को ध्वस्त कर दिया। बड़ी संख्या में महिलाओं सहित स्थानीय निवासी कार्रवाई का विरोध करने के लिए सड़कों पर उतर आए। जिसके बाद क्षेत्र में पैदा हिंसक स्थिति को देखते हुए कर्फ्यू लगाया गया है, हिंसा में अभी तक 4 लोगों की मौत हो गई है और 300 पुलिसकर्मी-निगम कर्मचारी घायल हैं। घायलों को अस्पताल नें भर्ती कराया गया है।

प्रशासन पर उपद्रवियों ने किया पथराव

सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पैरामिलिट्री की 4 और PAC की 2 कंपनियां तैनात की गई हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा- अतिक्रमण कोर्ट के आदेश पर हटाया गया है। जिन लोगों ने हमला और आगजनी की है उनकी पहचान कर उनपर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि जिस समय JCB का एक्शन चल रहा था उसी दौरान भीड़ हिंसक हो गई और जमकर नारेबाजी करते हुए पथराव करने लगी। पूरे क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण बन गए। बुलडोजर चलाने पहुंचे प्रशासन पर उपद्रवियों ने पथराव किया। पुलिस ने लोगों को शांत करने के लिए आंसू गैस के गोले एंव लाठीचार्ज किया तो मामला और गंभीर हो गया। इसके बाद अतिरिक्त फोर्स बुलाई गई और बनभूलपुरा थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने फिर मोर्चा संभाल लिया।

सीएम धामी की हाईलेवल मीटिंग

सीएम धामी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए राजधानी देहरादून में हाईवेल मीटिंग बुलाई और हालात की समीक्षा की। बैठक में तय किया गया कि दंगाइयों को देखते ही गोली मार दिया जाएगा। उन्होंने अराजक तत्वों से सख्ती से निपटने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। देहरादून में अपने आधिकारिक आवास पर सीएम ने मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार तथा अन्य उच्चाधिकारियों के साथ बैठक के बाद उन्होंने स्थानीय लोगों से शान्ति बनाए रखने की अपील की। सीएम ने कहा कि घटना के दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही कर क्षेत्र में शान्ति व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रदेश में किसी को भी कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने की छूट नहीं दी जानी चाहिए।

स्कूलों को बंद रखने के आदेश- डीएम वंदना सिंह

हल्द्वानी डीएम वंदना सिंह ने कहा कि कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए हल्द्वानी में कर्फ्यू लगाया गया है, जबकि शहर में इंटरनेट सेवाएं भी निलंबित कर दी गई हैं, साथ ही क्षेत्र में स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। कोई भी शख्स अत्यावश्यक कार्यों (मेडिकल इत्यादि) को छोड़कर घर से बाहर नहीं निकलेगा।

You may also like